31 C
Lucknow
Saturday, September 12, 2026

बाढ़ पीड़िता ने तीन युवकों पर छेड़छाड़ व लूट का लगाया आरोप

Must read

शमशाबाद। बाढ़ क्षेत्र के गांव समेचीपुर निवासी चांदनी पत्नी मालू ने शमशाबाद थाना पुलिस को शिकायती पत्र देकर शाहजहांपुर जिले के मिर्जापुर थाना क्षेत्र के इस्लामनगर निवासी तीन युवकों पर छेड़छाड़, धमकी और जेवर व नकदी लूटने का आरोप लगाया है। महिला ने पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की है।
शिकायती पत्र के अनुसार, गंगा की कटान में मकान गिर जाने के बाद चांदनी अपने परिवार के साथ गांव से इस्लामनगर जाने वाले मार्ग के किनारे पन्नी डालकर रह रही है। महिला का आरोप है कि रात के समय तीन युवक वहां पहुंचे और कथित तौर पर असलहा दिखाकर उसके साथ अभद्रता करने तथा कपड़े उतारने का प्रयास किया।
महिला के मुताबिक, विरोध करने पर युवकों ने उसके साथ गाली-गलौज की और उसके पति को भी असलहा दिखाकर धमकाया। आरोप है कि इसके बाद युवक उसके गले से चांदी की हसली, चांदी के खड़ुआ और छह हजार रुपये लेकर मौके से फरार हो गए।
पीड़िता का कहना है कि सुबह उसने आरोपित युवकों की पहचान की और उनके गांव पहुंचकर रुपये व जेवर वापस करने को कहा। आरोप है कि इस दौरान युवकों ने उसके साथ दोबारा गाली-गलौज की। इसके बाद महिला ने पुलिस से शिकायत कर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, शमशाबाद थाना प्रभारी सचिन चौधरी ने बताया कि इस मामले में थाने पर अभी कोई तहरीर नहीं आई है और न ही उन्हें घटना की जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article