शमशाबाद, फर्रुखाबाद। थाना क्षेत्र के ग्राम रोशनाबाद में एक मानसिक रूप से अस्वस्थ बताए जा रहे युवक की गतिविधियों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। बीती रात रात्रि गश्त कर रहे होमगार्डों पर युवक ने कथित तौर पर सरिया से हमला कर दिया। हमले में एक होमगार्ड घायल हो गया। साथी होमगार्ड की मदद से घायल ने युवक से सरिया छीनकर उसे काबू में किया। सूचना मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
जानकारी के अनुसार होमगार्ड उपेंद्र सिंह गंगवार निवासी कुइयांखेड़ा अपने साथी बृजकिशोर के साथ रात में रोशनाबाद क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। मध्यरात्रि के करीब एक युवक हाथ में सरिया लेकर वहां से गुजरता दिखाई दिया। बताया जाता है कि अचानक युवक होमगार्डों की ओर दौड़ा और उन पर हमला कर दिया।
हमले के दौरान सरिया होमगार्ड उपेंद्र सिंह के सिर, गाल और हाथ में लगी, जिससे वह घायल हो गए। इसके बावजूद होमगार्ड ने हिम्मत दिखाते हुए युवक से सरिया छीनकर दूर फेंक दी। बाद में साथी होमगार्ड की मदद से युवक को काबू में कर लिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही शमशाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अपने कब्जे में लिया। घायल होमगार्ड का रात में ही निजी अस्पताल में उपचार कराया गया। शनिवार को उनका सीएचसी शमशाबाद में चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया।
ग्रामीणों के अनुसार यही युवक दो दिन पहले भी एक घटना को लेकर चर्चा में आया था। ग्रामीणों का कहना है कि युवक ने खुद को कमरे में बंद कर कपड़ों में आग लगा ली थी और इसके बाद स्वयं डायल-112 तथा फायर ब्रिगेड को सूचना दी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों ने काफी मशक्कत के बाद दरवाजा खुलवाया था। ग्रामीणों के मुताबिक, उस दौरान युवक ने पुलिसकर्मियों पर भी हमला किया था, जिसमें एक गार्ड समेत दो लोगों के घायल होने की बात सामने आई थी।
ग्रामीणों ने कई वर्ष पूर्व रोशनाबाद में हुई एक अन्य घटना का भी जिक्र किया। उनका कहना है कि उस समय एक मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक ने पीएचसी रोशनाबाद में स्वास्थ्यकर्मियों के साथ मारपीट के साथ आगजनी और तोड़फोड़ की घटना को अंजाम दिया था। हालांकि पुरानी घटना के संबंध में ग्रामीणों द्वारा बताई गई बातों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
लगातार सामने आ रही घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि युवक की मानसिक स्थिति की जांच कराते हुए नियमानुसार उचित कार्रवाई और आवश्यक चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि किसी अप्रिय घटना की आशंका को टाला जा सके और आम जनमानस स्वयं को सुरक्षित महसूस कर सके।
सरिया लेकर निकले युवक ने रात्रि गश्त कर रहे होमगार्ड पर किया हमला


