शमशाबाद, फर्रुखाबाद। थाना क्षेत्र के ग्राम रजला मई निवासी पूर्व ग्राम प्रधान ब्रह्मादीन गंगवार (लगभग 75 वर्ष) की शनिवार को कानपुर के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार पूर्व ग्राम प्रधान का खेत गांव के समीप ही स्थित है। बताया गया है कि करीब चार दिन पूर्व वह खेत की रखवाली करने के लिए गए थे। इसी दौरान बारिश हो रही थी। अचानक पैर फिसलने से वह जमीन पर गिर पड़े और किसी पत्थर से टकरा गए, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।
रास्ते से गुजर रहे कुछ ग्रामीणों ने जब उन्हें घायल अवस्था में देखा तो तत्काल परिजनों को सूचना दी। जानकारी मिलते ही परिजन रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे और उन्हें उपचार के लिए निजी वाहन से फर्रुखाबाद ले गए। वहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर होने के कारण उपचार से असमर्थता जताई। इसके बाद परिजन उन्हें मेडिकल कॉलेज कन्नौज ले गए, जहां से भी हालत गंभीर बताते हुए उन्हें रेफर कर दिया गया।
इसके बाद परिजन पूर्व ग्राम प्रधान को कानपुर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार चल रहा था। शनिवार को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
बताया गया है कि मृतक पूर्व ग्राम प्रधान का पुत्र राजीव दिल्ली में रहकर एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। घटना के बाद से वह पिता के साथ ही अस्पताल में मौजूद था। शनिवार को मौत के बाद शव के गांव पहुंचने की संभावना बताई गई है।
ग्राम प्रधान संजीव कुमार ने बताया कि खेत की रखवाली के दौरान बारिश के बीच पैर फिसलने से पूर्व ग्राम प्रधान पत्थर से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। कानपुर के अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। शव शनिवार देर रात तक गांव पहुंचने की संभावना है।
खेत की रखवाली के दौरान पूर्व ग्राम प्रधान जख्मी, कानपुर रेफर, उपचार के दौरान मौत


