31 C
Lucknow
Saturday, September 12, 2026

कायमगंज लूटकांड में फरार आरोपी गिरफ्तार, एक लाख पांच हजार रुपये बरामद

Must read

फर्रुखाबाद। कायमगंज कोतवाली पुलिस ने लूट की घटना में फरार चल रहे एक आरोपी को मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक लाख पांच हजार आठ सौ रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस आरोपी के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।
पुलिस के अनुसार 27 अगस्त को पृथ्वी दरवाजा निवासी पंकज शर्मा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि लालपुर स्थित एक बैंकिंग कंपनी के गोदाम के गेट के सामने दो लोगों ने काले रंग की मोटरसाइकिल से उन्हें टक्कर मारकर गिरा दिया और रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस की पांच टीमें गठित की गई थीं। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने सात आरोपियों को चिन्हित किया। इनमें से छह आरोपियों को पुलिस ने 28 अगस्त को गिरफ्तार कर लिया था। उनके कब्जे से एक मोटरसाइकिल, सात मोबाइल फोन और 6.70 लाख रुपये नकद बरामद किए गए थे।
घटना में शामिल एक अन्य आरोपी यश पुत्र सत्यप्रकाश उर्फ लूरे निवासी नोनियमगंज, कायमगंज पुलिस की पकड़ से बाहर था। पुलिस को उसकी तलाश थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक लाख पांच हजार आठ सौ रुपये और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर घटना से पहले रेकी की थी। इसके बाद गोदाम के सामने मजदूरों को बांटने के लिए रखी गई रुपयों की बोरी को लूट लिया गया था। आरोपी के मुताबिक अगले दिन सभी साथियों ने रकम का बंटवारा कर लिया था और उसके हिस्से में करीब एक लाख तीस हजार रुपये आए थे। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद बरामद रकम और मोबाइल फोन को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में पहले गिरफ्तार किए जा चुके छह आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा चुका है।
आरोपी की गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ल, उपनिरीक्षक जितेंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल मुकेश बघेल, कांस्टेबल विजय कुमार, सचिन कुमार और अविनाश शामिल रहे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article