लाल गेट बस स्टैंड पर कई दिनों से सक्रिय गिरोह
फर्रुखाबाद। शहर के लाल गेट स्थित रोडवेज बस स्टैंड पर बसों से डीजल चोरी का गोरखधंधा पिछले कई दिनों से धड़ल्ले से चल रहा है। इस अवैध गतिविधि को लेकर बस चालकों और परिचालकों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है, जो अब विवाद और मारपीट तक पहुंचने लगी है।
सूत्रों के अनुसार, बस स्टैंड से खाली बसों को एकांत स्थानों पर ले जाकर उनमें से डीजल चोरी किया जाता है। इस पूरे खेल में कई लोगों की संलिप्तता होने की आशंका जताई जा रही है। यदि मामले की निष्पक्ष जांच की जाए तो कई नाम सामने आ सकते हैं।
हाल ही में इस गोरखधंधे को लेकर एक बड़ा विवाद सामने आया। बस स्टैंड के सामने स्थित एक भोजनालय पर एक बस के चालक और परिचालक के बीच खाना खाते समय डीजल चोरी को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच मारपीट होने लगी और मामला मुख्य मार्ग तक पहुंच गया।
घटना की जानकारी मिलते ही अन्य बस चालकों और परिचालकों ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह दोनों पक्षों को शांत कराया और मामला रफा-दफा किया। हालांकि इस घटना ने बस स्टैंड पर चल रहे अवैध कार्यों की पोल खोल दी है।
रोडवेज बस स्टैंड पर डीजल चोरी का गोरखधंधा, चालक-परिचालकों में बढ़ रहा विवाद


