आवागमन ठप होने से ग्रामीण परेशान
जहानगंज। थाना जहानगंज क्षेत्र के गांव पतौजा में बारिश के दौरान कुछ ग्रामीणों द्वारा सीमेंटेड सड़क काट दिए जाने से गांव में आवागमन की समस्या खड़ी हो गई है। सड़क कटने के बाद रास्ते में पानी और कीचड़ जमा हो गया है, जिससे ग्रामीणों को आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार बारिश के बीच सड़क काटे जाने से रास्ता इस कदर खराब हो गया है कि पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया है। दोपहिया और चारपहिया वाहनों का निकलना लगभग बंद हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क कटने के कारण जरूरी काम के लिए बाहर जाना मुश्किल हो रहा है और सबसे अधिक परेशानी बच्चों, बुजुर्गों तथा महिलाओं को उठानी पड़ रही है।ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के दिनों में गांव की सड़कों पर पहले से ही जलभराव और कीचड़ की समस्या रहती है। ऐसे में सीमेंटेड सड़क काट दिए जाने से परेशानी और बढ़ गई है। लोगों का आरोप है कि सड़क काटे जाने के बाद उसे दोबारा ठीक कराने की जिम्मेदारी किसी ने नहीं ली, जिससे ग्रामीणों को समस्या झेलनी पड़ रही है।
ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर मौके पर जांच कराने और काटी गई सड़क को जल्द से जल्द दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि गांव का आवागमन सामान्य हो सके।


