37.6 C
Lucknow
Wednesday, July 15, 2026

बुलंदशहर में दोहरा हत्याकांड, दो पक्षों में ताबड़तोड़ फायरिंग, 2 की मौत और अन्य घायल

Must read

बुलंदशहर: बुलंदशहर (Bulandshahr) जिले में पैसों के लेन-देन का विवाद मंगलवार रात खूनी संघर्ष में बदल गया। सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र के निजामपुर गांव (Nizampur Village) के पास दो पक्ष आमने-सामने आ गए। पहले कहासुनी हुई, फिर देखते ही देखते दोनों ओर से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई। करीब 15 मिनट तक चली गोलियों की गूंज के बाद दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव फैल गया और इलाके में भारी पुलिस बल व पीएसी तैनात कर दी गई।

जानकारी के मुताबिक, सोनू (42) और अजब सिंह (48) के बीच लंबे समय से पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। मंगलवार रात दोनों अपने-अपने साथियों के साथ अलग-अलग गाड़ियों से लौट रहे थे। गांव से करीब दो किलोमीटर पहले दोनों का आमना-सामना हो गया. पहले बहस हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला हिंसक हो गया और दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं।

फायरिंग में सोनू और अजब सिंह के सीने में गोली लगी, जबकि उनके दो साथी भी घायल हो गए। आरोप है कि संघर्ष के दौरान सड़क पर घायल पड़े सोनू के ऊपर कार चढ़ा दी गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल अजब सिंह को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया।

दोहरी हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। देर रात एडीजी मेरठ जोन भानु भास्कर और डीआईजी कलानिधि नैथानी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। गांव में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल और पीएसी तैनात कर दी गई। बुधवार को सोनू का अंतिम संस्कार भी पुलिस सुरक्षा के बीच कराया गया।

एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में विवाद की वजह पैसों का लेन-देन सामने आया है। घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। कुछ आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। घायलों से भी पूछताछ की जा रही है और मामले की निष्पक्ष जांच जारी है।

 

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article