फर्रुखाबाद। जिला कारागार में तैनात बड़े बाबू की अचानक तबीयत बिगड़ने से इलाज के दौरान मौत हो जाने का मामला सामने आया है। घटना से जेल प्रशासन और परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, जिला जेल में बड़े बाबू के पद पर तैनात प्रेम कुमार श्रीवास्तव पुत्र गौरव प्रसाद निवासी बाराबंकी, पिछले काफी समय से बीमार चल रहे थे। परिजनों ने बताया कि वह बीते लगभग छह महीनों से अपनी बीमारी के चलते कई बार अवकाश लेकर इलाज भी करा चुके थे। इसके बावजूद वह नियमित रूप से अपनी ड्यूटी निभा रहे थे।
बताया गया कि सोमवार सुबह वह रोज की तरह ड्यूटी पर जिला कारागार पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। हालत खराब होते देख सहकर्मियों ने तत्काल उन्हें जिला जेल के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति गंभीर होने पर उन्हें डॉ. राम मनोहर लोहिया जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जिला अस्पताल की इमरजेंसी में डॉक्टरों द्वारा उनका इलाज शुरू किया गया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका और इलाज के दौरान ही उनकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था। वहीं, इस घटना से जिला कारागार में भी शोक का माहौल बना हुआ है।
ड्यूटी के दौरान बिगड़ी तबीयत, जिला कारागार के बड़े बाबू की इलाज के दौरान मौत


