फर्रुखाबाद। गंगा दशहरा के पावन अवसर पर जिला गंगा समिति के तत्वाधान में पांचाल घाट पर भव्य स्वच्छता एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान में गंगा योद्धाओं और युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और गंगा घाट की सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।
अभियान के दौरान युवाओं ने गंगा घाट पर व्यापक स्तर पर सफाई करते हुए गंगा नदी में विसर्जित खंडित मूर्तियों, प्लास्टिक पॉलिथीन तथा अन्य अपशिष्ट सामग्री को बाहर निकालकर नदी को स्वच्छ बनाने का प्रयास किया। इस दौरान घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं को भी जागरूक किया गया और उनसे गंगा को स्वच्छ बनाए रखने की अपील की गई।
गंगा स्नान के लिए आए श्रद्धालुओं को समझाया गया कि वे पूजा सामग्री, खंडित मूर्तियां एवं अन्य कचरा गंगा में प्रवाहित न करें। साथ ही कुछ लोगों को ऐसा करने से रोका भी गया। नाविकों को भी सख्त निर्देश दिए गए कि वे किसी भी प्रकार की अपशिष्ट सामग्री गंगा नदी में विसर्जित न करें।
इस अवसर पर जिला परियोजना अधिकारी निहारिका पटेल ने बताया कि गंगा दशहरा का धार्मिक दृष्टि से विशेष महत्व है। हिंदू मान्यता के अनुसार, इसी दिन मां गंगा स्वर्ग से पृथ्वी पर अवतरित हुई थीं। इस दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान करते हैं, लेकिन कई लोग अनजाने में नदी को प्रदूषित कर देते हैं।
उन्होंने कहा कि अज्ञानतावश लोग खंडित मूर्तियां गंगा किनारे छोड़ जाते हैं, जो बाद में पैरों के नीचे आकर अपमानित होती हैं। इसलिए हर व्यक्ति को यह संकल्प लेना चाहिए कि वह गंगा में किसी भी प्रकार की गंदगी या अपशिष्ट सामग्री नहीं डालेगा और नदी की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करेगा।
उन्होंने यह भी बताया कि वर्तमान में गंगा नदी में जल स्तर कम है और प्रदूषण के कारण जल की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। ऐसे में हर नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह नदियों को बचाने के लिए आगे आए।
अभियान के दौरान सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गंगा में स्नान कर रहे श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से रोका गया। साथ ही नाविकों को लाइफ जैकेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर एडीओ पंचायत ओम पांडे, भारतीय वन्यजीव संस्थान के परियोजना सहायक शुभम कटियार, गंगा योद्धा राम रहीश कुशवाहा, सुमित कुमार, अमित प्रकाश, घनश्याम, रचना सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
गंगा दशहरा पर पांचाल घाट पर चला भव्य स्वच्छता व जागरूकता अभियान, गंगा योद्धाओं ने दिया स्वच्छता का संदेश


