क्रासर
पुरानी रंजिश में आधा दर्जन लोगों पर मारपीट का आरोप, पुलिस ने कराया मेडिकल, जांच शुरू
शमशाबाद, फर्रुखाबाद। शमशाबाद कस्बे के रावत टोला मोहल्ले में बच्चों के बीच हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते बड़ों की भिड़ंत में बदल गया। आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते आधा दर्जन से अधिक लोगों ने एक युवक पर धारदार हथियार और अन्य औजारों से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। घायल ने शमशाबाद थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने घायल का चिकित्सकीय परीक्षण कराते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित नंदकिशोर शर्मा, पुत्र रामचंद्र शर्मा, निवासी मोहल्ला रावत टोला, शमशाबाद ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि रविवार को मोहल्ले में बच्चों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। कुछ ही देर में यह विवाद बढ़ गया और बड़ों के बीच भी तनाव की स्थिति बन गई।
नंदकिशोर के अनुसार कुछ दिन पहले उनकी बाजार कला स्थित लकड़ी की दुकान पर सफाई को लेकर कुछ लोगों से विवाद हुआ था। उस समय मोहल्ले के संभ्रांत लोगों के हस्तक्षेप से दोनों पक्षों में समझौता हो गया था और मामला शांत हो गया था। आरोप है कि उसी पुरानी रंजिश को लेकर रविवार को बच्चों के विवाद को बहाना बनाकर आधा दर्जन से अधिक लोग एकत्र होकर उनके घर पहुंच गए।
पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों में शामिल एक व्यक्ति के हाथ में लकड़ी काटने का धारदार औजार (वसूला) था, जबकि अन्य लोग भी विभिन्न औजार लेकर आए थे। सभी ने एकराय होकर उन पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर-शराबा होने पर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े, जिसके बाद हमलावर वहां से चले गए।
घटना के बाद घायल नंदकिशोर किसी तरह अपनी जान बचाकर शमशाबाद थाने पहुंचे और आधा दर्जन आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर देकर कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने उन्हें तत्काल चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी।
शमशाबाद थाना पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। मेडिकल रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर दोषी पाए जाने वाले लोगों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
बच्चों के विवाद ने लिया हिंसक रूप, धारदार हथियार से हमला कर युवक को किया घायल


