– 1000 से अधिक पुलिस और अर्द्धसैनिक बल तैनात
– प्रदर्शन आज, लौटेंगे संस्थापक अभिजीत दीपके
नई दिल्ली। राजधानी में सीजेपी द्वारा प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं। दिल्ली पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं और स्पष्ट किया है कि बिना अनुमति किसी भी प्रकार के प्रदर्शन की अनुमति नहीं होगी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था के तहत करीब 1000 पुलिसकर्मियों और अर्द्धसैनिक बलों के जवानों की तैनाती की गई है। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से लेकर नई दिल्ली क्षेत्र तक सुरक्षा घेरा मजबूत किया गया है तथा प्रमुख मार्गों, संवेदनशील स्थानों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त बल लगाया गया है।
दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि प्रदर्शन के लिए कोई अनुमति जारी नहीं की गई है। ऐसे में यदि कोई व्यक्ति या समूह बिना अनुमति प्रदर्शन करने का प्रयास करता है तो उसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए हिरासत में लिया जा सकता है।
सुरक्षा एजेंसियों ने राजधानी में प्रवेश करने वाले सभी प्रमुख मार्गों पर विशेष निगरानी के निर्देश दिए हैं। नई दिल्ली की ओर आने वाले रास्तों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जाएगी।
जानकारी के अनुसार विशेष सुरक्षा व्यवस्था 6 जून की सुबह 5 बजे से लागू कर दी जाएगी। इसके साथ ही दिल्ली मेट्रो नेटवर्क के सभी प्रमुख स्टेशनों पर सुरक्षा जांच बढ़ा दी गई है। यात्रियों की तलाशी और निगरानी के लिए अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि राजधानी में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।


