बागपत
ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर रविवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। खेकड़ा क्षेत्र में श्रद्धालुओं से भरी कैंटर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 22 से अधिक श्रद्धालु घायल हुए हैं। सभी राजस्थान के बागड़ धाम से दर्शन कर बदायूं लौट रहे थे।
हादसा रात करीब एक बजे बसी और बड़ा गांव के बीच हुआ। कैंटर पलटते ही चीख-पुकार मच गई। मौके पर पहुंचे लोगों ने किसी तरह वाहन में फंसे श्रद्धालुओं को बाहर निकाला। पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने छह को मृत घोषित कर दिया। 18 गंभीर घायलों को मेरठ के हायर सेंटर रेफर किया गया है।
घायल कुंवरपाल के मुताबिक, यात्रा से लौटते समय अधिकांश श्रद्धालु कैंटर में सो रहे थे। अचानक तेज आवाज हुई और वाहन पलट गया। चालक ने पीछे से आ रहे वाहन की टक्कर से हादसा होने की बात बताई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
डीएम अस्मिता लाल और एसपी सूरज कुमार राय ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना और बेहतर उपचार के निर्देश दिए। मृतकों में फिलहाल सुगड़पाल यादव और राजेश्वर सिंह की पहचान हुई है। अन्य मृतकों की पहचान के प्रयास जारी हैं।


