फर्रुखाबाद। मऊदरवाजा थाना क्षेत्र में तहसील रोड पर सोमवार को तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों के पैरों में फ्रैक्चर होने की बात सामने आई है। सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस से घायलों को जिला लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है।
घायलों की पहचान शमशाबाद क्षेत्र के बड़े फतेहपुर कुबेपुर निवासी 30 वर्षीय रविंद्र पुत्र अमर सिंह और 37 वर्षीय अनूप पुत्र सुरेशचंद्र के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक दोनों युवक सोमवार को बाइक से फर्रुखाबाद किसी जरूरी काम से आ रहे थे। तहसील रोड पर मऊदरवाजा के पास पहुंचते ही तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर जा गिरी और दोनों युवक दूर जा गिरे।
हादसे के बाद आसपास मौजूद राहगीर और दुकानदार मौके पर पहुंच गए। दोनों युवकों को सड़क पर घायल अवस्था में देखकर लोगों ने तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी। कुछ देर बाद 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों को उपचार के लिए जिला लोहिया अस्पताल लेकर गई। हादसे की जानकारी मिलते ही घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।
लोहिया अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर वैभव यादव ने दोनों घायलों की जांच की। उन्होंने बताया कि रविंद्र और अनूप को पैर में फ्रैक्चर की चोट आई है। दोनों का उपचार शुरू कर दिया गया है और उनकी हालत पर नजर रखी जा रही है। हादसे के बाद ई-रिक्शा चालक मौके से निकल गया। घटना को लेकर पुलिस ने भी जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। परिजनों ने लापरवाही से वाहन चलाने वाले ई-रिक्शा चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।


