फर्रुखाबाद। जिले में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के छोटी जेल चौराहे स्थित देशी शराब ठेके पर दबंगों ने खुलेआम एक सिपाही की बेरहमी से पिटाई कर दी। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शराब न पिलाने को लेकर कुछ दबंगों ने ठेके पर मौजूद राजीव नामक सिपाही पर हमला बोल दिया। आरोप है कि दबंगों ने सिपाही को पहले गालियां दीं और फिर बेल्ट, लात-घूंसे से जमकर पीटा। करीब एक घंटे तक चली इस मारपीट में सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गया।
बताया जा रहा है कि पीड़ित सिपाही राजीव की तैनाती पुलिस लाइन में है और वह ग्रानगंज क्षेत्र में किराए के मकान में रहता है। घटना के समय वह किसी निजी कार्य से ठेके पर मौजूद था। दबंगों के हमले से वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन कोई भी बीच-बचाव करने की हिम्मत नहीं जुटा सका।
सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि दबंग किस तरह बेखौफ होकर सिपाही पर बेल्ट और घूंसे बरसा रहे हैं। इस घटना ने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि सरेआम एक पुलिसकर्मी के साथ इस तरह की घटना होना कानून-व्यवस्था की स्थिति को दर्शाता है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है और उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दी जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।






