– दो स्वास्थ्य शिविरों में 184 मरीजों की जांच, चिकित्सकों व स्वास्थ्य टीम को दिए जरूरी निर्देश
फर्रुखाबाद। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार सक्रिय हैं। गुरुवार को सीएमओ डॉ. आनंद उपाध्याय ने आशा की मड़ैया क्षेत्र का निरीक्षण कर स्वास्थ्य शिविरों में चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों की मौजूदगी, मरीजों की जांच, उपचार तथा दवा वितरण व्यवस्था का जायजा लिया।
पीएचसी सबलपुर के अंतर्गत आशा की मड़ैया में लगाए गए स्वास्थ्य शिविर में 69 मरीजों की जांच की गई। इनमें त्वचा संबंधी बीमारी के 40, बुखार के 13, जोड़ों के दर्द के 10, मधुमेह के 3 और उच्च रक्तचाप के 3 मरीज मिले। सीएमओ ने मौके पर चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मियों की उपलब्धता तथा मरीजों को दी जा रही उपचार सुविधाओं का निरीक्षण किया। शिविर में डॉ. नेहा, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी प्रशांत समेत स्वास्थ्य विभाग का स्टाफ मौजूद रहा।
वहीं तौफीक मड़ैया में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में 115 मरीजों की जांच की गई। इनमें त्वचा संबंधी समस्या के 26, बुखार के 23, सर्दी-खांसी के 15, आंख-कान संबंधी समस्या के 15, डायरिया के 8, गठिया के 5 तथा अन्य एवं पुरानी बीमारियों से संबंधित 10 मरीज शामिल रहे। जरूरतमंद 12 लोगों को ओआरएस उपलब्ध कराया गया।
तौफीक मड़ैया में डॉ. अभिनव, फार्मासिस्ट अनुज कुमार, स्टाफ नर्स अंशिका कटियार और लैब टेक्नीशियन ललित कुमार समेत स्वास्थ्य टीम ने मरीजों की जांच और उपचार किया। एनएमएमयू वैन संख्या UP32LN7458 के माध्यम से भी बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई गईं।
सीएमओ डॉ. आनंद उपाध्याय ने स्वास्थ्य टीम को निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित लोगों को तत्काल चिकित्सा सुविधा, आवश्यक दवाएं और जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ स्वास्थ्य विभाग लगातार निगरानी कर रहा है, ताकि लोगों को इलाज के लिए दूर न जाना पड़े।


