कायमगंज के जिनौल में समाजवादी पार्टी की पीडीए जन पंचायत, भाजपा सरकार पर जमकर निशाना
फर्रुखाबाद ब्यूरो। जैसे-जैसे मौसम की गर्मी कम हो रही है, वैसे-वैसे प्रदेश में चुनावी सरगर्मी बढ़ती जा रही है। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने गांव-गांव और गली-गली जनसंपर्क तेज कर दिया है। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक अजीत कठेरिया की ओर से कायमगंज विधानसभा क्षेत्र के ग्राम जिनौल (गौरखेड़ा) में पीडीए जन पंचायत का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद प्रभारी अनिल पाल, पूर्व प्रत्याशी तिर्वा तथा सुरेश पाल, पूर्व प्रत्याशी बांगरमऊ मौजूद रहे।
पीडीए समाज अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ रहा : अनिल पाल
जनसभा को संबोधित करते हुए अनिल पाल ने कहा कि आज पीडीए समाज अपने हक, अधिकार और सम्मान की लड़ाई लड़ने को मजबूर है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में पीडीए समाज के लोगों के साथ लगातार अन्याय हो रहा है।
उन्होंने किसानों की समस्याओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है। आलू किसान कर्ज के बोझ से दबा हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों की आत्महत्या से जुड़े आंकड़े भी सार्वजनिक नहीं किए जा रहे हैं।
अनिल पाल ने कहा कि “पीडीए समाज एकजुट होकर इस सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प ले चुका है। पाल और गोपाल का गठबंधन अपनी पीडीए सरकार बनाने जा रहा है।”
बेरोजगारी और पेपर लीक का मुद्दा उठाया
सुरेश पाल ने कहा कि प्रदेश का नौजवान रोजगार के लिए भटक रहा है और शिक्षित युवाओं के सामने पेपर लीक बड़ी समस्या बन चुका है। उन्होंने भाजपा सरकार पर विभिन्न मुद्दों को लेकर निशाना साधते हुए कहा कि आने वाले समय में पीडीए समाज एकजुट होकर मतदान करेगा।
थाने और तहसील में भ्रष्टाचार का आरोप
पूर्व मंत्री रामसेवक सिंह यादव ने आरोप लगाया कि थाने और तहसील भ्रष्टाचार के अड्डे बन गए हैं। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे कामों के लिए गरीब और अशिक्षित लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी ने संगठन में पाल समाज को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी है और सत्ता में आने पर सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री बनने का दावा
पूर्व विधायक अजीत कठेरिया ने कहा कि अपराध लगातार बढ़ रहा है और लोकतांत्रिक व्यवस्था कमजोर हुई है। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में पीडीए समाज समाजवादी पार्टी के नेतृत्व में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगा और अखिलेश यादव मुख्यमंत्री बनेंगे।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा किसानों और नौजवानों के मुद्दों को उठाती रही है। उन्होंने पूर्ववर्ती समाजवादी सरकार के दौरान विद्यार्थियों को लैपटॉप दिए जाने का भी उल्लेख किया।
सड़क और एक्सप्रेस-वे को लेकर सरकार पर निशाना
जिला महासचिव इलियास मंसूरी ने समाजवादी सरकार के दौरान बनाए गए आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे का उल्लेख करते हुए सरकार की सड़क निर्माण संबंधी नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने वर्तमान सरकार के एक एक्सप्रेस-वे को लेकर भी आरोप लगाए और कहा कि उद्घाटन के कुछ समय बाद ही मार्ग बंद हो गया।
जिला प्रवक्ता राधेश्याम सविता ने भाजपा सरकार पर जातिवाद और भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जनता इसका जवाब देगी।
कार्यक्रम का संचालन दफेदार शास्त्री ने किया। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष अरविंद यादव, जिलाध्यक्ष सयुस शिवम यादव, नेपाल सिंह पाल, महेंद्र पाल, सीटू यादव, राजीव यादव सहित पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। जन पंचायत में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय ग्रामीण और पाल समाज के लोग भी शामिल हुए।


