42.4 C
Lucknow
Sunday, June 21, 2026

किशोरी से छेड़छाड़ का विरोध करने पर युवक पर चाकू से हमला, तीन नामजद के खिलाफ मुकदमा दर्ज

Must read

 

अमृतपुर/फर्रुखाबाद। थाना राजेपुर क्षेत्र के ग्राम सीढ़ेचकपुर में किशोरी से कथित छेड़छाड़ का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

एफआईआर के अनुसार गांव निवासी रामखिलावन पुत्र कालीचरण ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 20 जून 2026 की शाम करीब 6 बजे उनकी 16 वर्षीय पुत्री घर के बाहर झाड़ू लगा रही थी। आरोप है कि उसी दौरान गांव निवासी विंदरपाल पुत्र पूरनलाल उनके घर में घुस आया और किशोरी के साथ छेड़छाड़ करने लगा।

तहरीर में कहा गया है कि घटना का विरोध रामखिलावन के भाई रामू ने किया। इसी बात से नाराज होकर विंदरपाल ने अपने भाइयों इन्द्रपाल और धर्मेंद्र के साथ मिलकर रामू पर चाकू से हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से कई वार किए, जिससे रामू गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। घायल रामू को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि जाते समय आरोपियों ने परिवार को धमकियां भी दीं।

पुलिस ने रामखिलावन की तहरीर के आधार पर विंदरपाल, इन्द्रपाल और धर्मेंद्र पुत्रगण पूरनलाल निवासी सीढ़ेचकपुर के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना की जा रही है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस निगरानी भी बढ़ा दी गई है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article