प्रशासन ने आसपास के मकान खाली कराकर परिवारों को पंचायत घर में पहुंचाया
कायमगंज/फर्रुखाबाद: लगातार हो रही भारी बारिश के चलते जहां क्षेत्र में कई कच्चे मकान भर भराकर गिर चुके हैं, वहीं बारिश का असर अब पक्के मकानों पर भी दिखाई देने लगा है। अताईपुर जदीद गांव में भारी बारिश के कारण एक पक्का मकान बीच से फट गया, जिससे आसपास बने कई मकानों पर भी खतरा मंडराने लगा। संभावित हादसे को देखते हुए प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर आसपास के घरों को खाली कराया।
जानकारी के अनुसार अताईपुर जदीद निवासी अक्कन खान पुत्र सोन खान के पक्के मकान में लगातार बारिश के चलते बीच से दरार पड़ गई और मकान की स्थिति जर्जर हो गई। मकान के पीछे रहने वाले राम स्वरूप पुत्र नत्थू लाल, बृजेश पुत्र नन्हे लाल, प्रमोद कुमार पुत्र होरी लाल, जितेंद्र कुमार पुत्र अमर सिंह तथा शमशुल पुत्र कम्मू मिस्त्री के मकानों पर भी खतरा उत्पन्न हो गया।
ग्रामीणों के मुताबिक यदि जर्जर मकान अचानक लेंटर समेत भर भराकर गिरता है तो आसपास के मकानों में रहने वाले लोगों की जान को गंभीर खतरा हो सकता है। खतरे की जानकारी मिलने के बाद मकान मालिक के पुत्र ने पड़ोस में रहने वाले लोगों को घर खाली करने के लिए सूचित किया, लेकिन शुरुआत में लोगों ने अपने घर खाली नहीं किए। स्थिति गंभीर होने पर प्रशासन से मदद मांगी गई।
मामले की जानकारी मिलते ही देर शाम एसडीएम अभिषेक वर्मा, क्षेत्राधिकारी अजय वर्मा, पीडब्ल्यूडी एक्सईएन अशोक कुमार, पीडब्ल्यूडी एई सुनील कुमार, बीडीओ कायमगंज सहित तहसील प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने जर्जर मकान की स्थिति का जायजा लेने के बाद आसपास के घरों में रहने वाले परिवारों को तत्काल मकान खाली करने के निर्देश दिए।
प्रशासन ने एहतियात के तौर पर प्रभावित परिवारों को उनके जरूरी सामान के साथ अताईपुर जदीद स्थित पंचायत घर में पहुंचाया, ताकि जर्जर मकान को गिराए जाने तक किसी प्रकार की जनहानि की आशंका न रहे। प्रशासन की ओर से लोगों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि जब तक जर्जर भवन को सुरक्षित तरीके से गिराया नहीं जाता, तब तक वे अपने घरों में वापस न जाएं।
भारी बारिश के बीच पक्के मकान के इस तरह क्षतिग्रस्त होने से गांव में भी चिंता का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते जर्जर भवन को नहीं हटाया गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।


