42.4 C
Lucknow
Sunday, June 21, 2026

नशे में हुए विवाद के बाद युवक की हत्या

Must read

– शव पेड़ से लटकाने का आरोप
– आरोपी गिरफ्तार

फर्रुखाबाद। कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में शराब के नशे में हुए विवाद के बाद एक युवक की हत्या कर शव को पेड़ से लटका देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम चिलसरी निवासी 25 वर्षीय दीपचंद शाक्य उर्फ पंखिया शनिवार रात गांव के ही एक युवक के साथ शराब पी रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक विवाद में बदल गई। आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपी ने दीपचंद की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई।

आरोप है कि घटना को आत्महत्या का रूप देने के उद्देश्य से आरोपी ने मृतक के शव को गांव के बाहर स्थित एक बाग में आम के पेड़ से लटका दिया। घटना के बाद आरोपी वहां से निकल गया और दूसरे गांव में जाकर शराब पीने लगा।

बताया जा रहा है कि नशे की हालत में आरोपी ने कुछ लोगों के सामने हत्या की बात स्वीकार कर ली। सूचना मिलने पर डायल-112 और स्थानीय पुलिस सक्रिय हुई तथा आरोपी को हिरासत में ले लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने बाग से युवक का शव बरामद कर लिया।

पुलिस के अनुसार, मृतक के शरीर पर चोटों के कई निशान पाए गए हैं, जिससे मारपीट के बाद हत्या किए जाने की आशंका मजबूत हुई है। घटना के संबंध में पुलिस ने कई लोगों से पूछताछ की है तथा महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

घटना से गांव में सनसनी फैल गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपों की पुष्टि होने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article