फर्रुखाबाद। कोतवाली फतेहगढ़ क्षेत्र के अंतर्गत जेएनवी रोड पर उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब एक मनचले युवक ने सरेराह एक युवती से छेड़छाड़ शुरू कर दी। दिनदहाड़े हुई इस घटना को देखकर स्थानीय लोगों का गुस्सा भड़क उठा और उन्होंने मौके पर ही युवक को पकड़ लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक लगातार युवती को परेशान कर रहा था और अभद्र टिप्पणियां कर रहा था। युवती ने पहले तो इसका विरोध किया, लेकिन जब युवक नहीं माना तो आसपास मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप किया। देखते ही देखते मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई और लोगों ने मनचले युवक की जमकर पिटाई कर दी।
इसी दौरान पीड़ित युवती ने भी हिम्मत दिखाते हुए बीच सड़क पर ही आरोपी युवक को चप्पलों से पीटा, जिससे वहां मौजूद लोगों ने उसका समर्थन किया। घटना के बाद युवक का सारा “आशिकी का भूत” उतर गया और उसने युवती के पैर छूकर माफी मांगी।
स्थानीय लोगों ने युवक को कड़ी चेतावनी देते हुए भविष्य में ऐसी हरकत न करने की हिदायत दी और उसे छोड़ दिया। इस घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
सरेराह छेड़छाड़ पर फूटा गुस्सा, मनचले युवक की भीड़ ने की पिटाई, युवती ने भी चप्पलों से सिखाया सबक


