32 C
Lucknow
Wednesday, May 27, 2026

ट्रैक्टर को बचाने के प्रयास में पेड़ से टकराई कार, चार घायल

Must read

क्रासर
हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार, गंभीर घायल महिला लोहिया रेफर

शमशाबाद, फर्रुखाबाद। थाना क्षेत्र में बुधवार रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। सामने से अचानक आए ट्रैक्टर को बचाने के प्रयास में एक वैगनआर कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में कार सवार चार लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शमशाबाद से डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल फर्रुखाबाद रेफर किया गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार थाना अमृतपुर क्षेत्र निवासी आशीष पाठक अपनी पत्नी मीना पाठक, पुत्र राजेश कुमार पाठक और अनुपम पाठक के साथ वैगनआर कार संख्या यूपी 14 एफटी 3176 से बुधवार रात करीब साढ़े नौ बजे किसी रिश्तेदारी में जाने के लिए शमशाबाद से फैजबाग की ओर जा रहे थे।
बताया गया है कि कार जैसे ही शमशाबाद थाना क्षेत्र के गांव मुरैठी के पास पहुंची, तभी सामने अचानक एक ट्रैक्टर आ गया। ट्रैक्टर को बचाने के प्रयास में चालक कार से नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क किनारे खड़े एक पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शमशाबाद भिजवाया गया।
सीएचसी में प्राथमिक उपचार के दौरान चिकित्सक डॉ. अलीम अंसारी ने महिला मीना पाठक की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल फर्रुखाबाद रेफर कर दिया। अन्य घायलों का उपचार सीएचसी में किया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के तुरंत बाद ट्रैक्टर चालक घबरा गया और ट्रैक्टर सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश में जुट गई है।
थाना अध्यक्ष सचिन चौधरी ने बताया कि सामने आए ट्रैक्टर को बचाने के प्रयास में कार असंतुलित होकर पेड़ से टकरा गई थी। हादसे में चार लोग घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायल महिला को लोहिया अस्पताल भेजा गया है। दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करा दिया गया है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article