27 C
Lucknow
Wednesday, May 6, 2026

बिहार में आज मंत्रिमंडल विस्तार: निशांत कुमार के शपथ लेने की संभावना, जदयू कोटे से 11 मंत्री

Must read

 

पटना

 

बिहार की राजनीति में आज का दिन बेहद अहम माना जा रहा है, मंत्रिमंडल विस्तार पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के भीतर पिछले 24 घंटे में हुई तेज हलचल के बाद निशांत कुमार के मंत्री पद की शपथ लेने की संभावना काफी मजबूत मानी जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, पहले मंत्री बनने से इनकार करने वाले निशांत कुमार को पार्टी नेतृत्व ने मना लिया है और इसी कारण उनकी प्रस्तावित यात्रा भी रद्द कर दी गई।
इस पूरे घटनाक्रम में ललन सिंह और संजय झा की अहम भूमिका बताई जा रही है, जिन्होंने निशांत कुमार को राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए तैयार किया। आज होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में उनके शामिल होने की संभावना को लेकर सियासी गलियारों में चर्चाएं तेज हैं।
वहीं जदयू ने अपनी ओर से मंत्रिमंडल विस्तार की तैयारी पूरी कर ली है। पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात कर जदयू कोटे से संभावित मंत्रियों की सूची सौंप दी है। बताया जा रहा है कि जदयू कोटे से करीब 11 नेता आज मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं, जिनमें अधिकांश पुराने चेहरों को दोबारा मौका मिलने की संभावना है।
सूत्रों के अनुसार, श्रवण कुमार, अशोक चौधरी, मदन सहनी, सुनील कुमार, लेशी सिंह, रत्नेश सदा, जमा खान और जयंत राज जैसे वरिष्ठ नेताओं को फिर से मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है। इसके अलावा कुछ नए चेहरों को भी मौका देने की तैयारी है। बाहुबली नेता आनंद मोहन अपने बेटे चेतन आनंद को मंत्री बनवाने की कोशिश में हैं। वहीं शीला कुमारी, बुलो मंडल, भगवान सिंह कुशवाहा और दामोदर राउत के नाम भी चर्चा में हैं।
कुल मिलाकर, बिहार में आज होने वाला मंत्रिमंडल विस्तार कई नए राजनीतिक संकेत देने वाला साबित हो सकता है। खास तौर पर निशांत कुमार की संभावित एंट्री इस विस्तार को और भी ज्यादा चर्चा का विषय बना रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article