37.8 C
Lucknow
Saturday, July 4, 2026

हाईवे किनारे होटलों के सामने अवैध कट पर चलाया बुलडोजर

Must read

– एनएचएआई ने रेस्टोरेंट संचालकों को जारी किया था नोटिस
गुरसहायगंज, कन्नौज। कानपुर-गाजियाबाद ग्रीनफील्ड हाईवे पर क्षेत्र के जेवा टोल प्लाजा के पास स्थित आराध्या गेस्ट हाउस एंड रेस्टोरेंट, राजीव कृष्णा ढाबा और ग्रीनवुड रेस्टोरेंट सहित कई प्रतिष्ठानों के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की टीम ने अवैध कट बंद करने की कार्रवाई की। इस दौरान भवनों के सामने करीब ढाई फीट चौड़ी और दो फीट गहरी खाई खोद दी गई, जिससे हाईवे से सीधे आवागमन का रास्ता बंद हो गया।
शनिवार को हाईवे के मेंटिनेंस मैनेजर नवीन कुमार ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुपालन में हाईवे पर बने अवैध और अनधिकृत कट बंद किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि राजस्थान में हाईवे पर हुए एक भीषण सड़क हादसे के बाद सड़क सुरक्षा को लेकर यह कार्रवाई की जा रही है, ताकि भविष्य में दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। एनएचएआई के अनुसार, लगभग एक सप्ताह पहले संबंधित होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को नोटिस जारी कर अवैध पहुंच मार्ग हटाने और अनधिकृत कट बंद करने के निर्देश दिए गए थे। शनिवार को जब एनएचएआई की टीम पुलिस बल के साथ कार्रवाई करने पहुंची तो कुछ प्रतिष्ठान संचालकों और उनके परिजनों ने विरोध जताया। इस दौरान अधिकारियों और संचालकों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। वही ग्रीनवुड रेस्टोरेंट के संचालक रोहन ने बताया कि उन्हें एक सप्ताह पहले ही नोटिस मिला था। जिसके बाद उन्होंने एनओसी के लिए आवेदन कर दिया है। उनका कहना है कि एनओसी मिलने में समय लगता है, लेकिन उससे पहले ही हाईवे प्रशासन ने गड्ढे खोद दिए। उन्होंने कहा कि होटल-रेस्टोरेंट ही परिवार की आजीविका का एकमात्र साधन हैं और अब कारोबार प्रभावित होने से परिवार के भरण- पोषण की चिंता बढ़ गई है। कार्रवाई के दौरान जलालपुर चौकी प्रभारी प्रशांत गौतम, यातायात प्रभारी रविशंकर त्रिपाठी, सदर कोतवाली उपनिरीक्षक मोहम्मद अकरम, ट्रैफिक एसआई राजेश बाबू एवं अरशद अली सहित पुलिस और एनएचएआई के अधिकारी मौजूद रहे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article