29 C
Lucknow
Saturday, May 2, 2026

बरगी डैम क्रूज हादसा: दो और शव मिलने से मृतकों की संख्या 11, सर्च ऑपरेशन जारी

Must read

 

जबलपुर। बरगी डैम स्थित नर्मदा नदी में हुए दर्दनाक क्रूज हादसे में शनिवार शाम बड़ा अपडेट सामने आया है। दिनभर चले सर्च ऑपरेशन के दौरान गोताखोरों ने शाम करीब छह बजे दो और शव बरामद किए, जिसके बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है।
राहत एवं बचाव दल द्वारा शनिवार सुबह से ही लापता लोगों की तलाश के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जा रहा था। डैम के विभिन्न हिस्सों में लगातार सर्च ऑपरेशन जारी है, हालांकि अब भी दो लोगों के लापता होने की जानकारी सामने आ रही है। प्रशासन द्वारा हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं ताकि सभी लापता लोगों का जल्द पता लगाया जा सके।
इस बीच मौसम भी राहत कार्य में बड़ी बाधा बनकर सामने आया। दोपहर के समय अचानक तेज आंधी और हवाओं के कारण डैम में ऊंची लहरें उठने लगीं, जिससे गोताखोरों को कई बार अभियान रोकना पड़ा। खराब मौसम के चलते सर्च ऑपरेशन प्रभावित हुआ और बचाव कार्य में देरी भी हुई।
घटना में लापरवाही के आरोपों के बीच प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए क्रूज पायलट महेश पटेल, हेल्पर छोटेलाल गोंड और टिकट काउंटर प्रभारी बृजेंद्र को तत्काल प्रभाव से सेवा से बर्खास्त कर दिया है। वहीं, होटल मैकल रिसॉर्ट और बोट क्लब बरगी के मैनेजर सुनील मरावी को निलंबित किया गया है, जबकि रीजनल मैनेजर संजय मल्होत्रा को मुख्यालय अटैच कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि हादसे में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article