अमृतपुर/फर्रुखाबाद: विश्व हिंदू परिषद (VHP) एवं बजरंग दल के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को विभिन्न मुद्दों को लेकर प्रदर्शन करते हुए जिला प्रशासन के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में संगठनों ने देश में बढ़ती कट्टरपंथी गतिविधियों पर चिंता व्यक्त करते हुए कथित ‘लव जिहाद’, अवैध कब्जों तथा धार्मिक भावनाओं से जुड़े मामलों को गंभीर बताया।
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ क्षेत्रों में युवतियों को निशाना बनाए जाने तथा सरकारी, रेलवे एवं अन्य सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जे किए जाने की घटनाएं सामने आ रही हैं।
संगठनों ने मांग की कि कथित ‘लव जिहाद’ एवं जबरन धर्मांतरण के विरुद्ध सख्त केंद्रीय कानून बनाया जाए। साथ ही सरकारी व सार्वजनिक भूमि से अवैध कब्जों को हटाने तथा राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में संलिप्त तत्वों के विरुद्ध त्वरित एवं कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई गई।
इस अवसर पर जिला मंत्री अखिलेश मिश्रा, बजरंग दल विभाग संयोजक अभिषेक, जिला सह संयोजक सुदीप कुमार, रोहन मिश्रा, मातृशक्ति जिला सह संयोजिका कांति देवी राजपूत सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


