चेन्नई। तमिलनाडु भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अन्नामलाई ने दावा किया है कि उनकी नई राजनीतिक पार्टी ‘इधु नम्मा इयक्कम’ को शुरुआत से ही जबरदस्त जनसमर्थन मिल रहा है। उनके अनुसार, पार्टी की घोषणा के बाद पहले 10 घंटे में ही 10 लाख से अधिक लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया।
भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने के बाद अन्नामलाई ने 5 जून को नई पार्टी की घोषणा की थी। उन्होंने कहा कि यह केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि तमिलनाडु के भविष्य को लेकर लोगों का साझा आंदोलन है। अन्नामलाई ने यह भी ऐलान किया कि उनकी पार्टी वर्ष 2031 का तमिलनाडु विधानसभा चुनाव लड़ेगी।
इस बीच भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष करु नागराजन ने भी पार्टी से इस्तीफा देकर अन्नामलाई का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि कई भाजपा नेता अन्नामलाई के साथ जुड़ने का फैसला कर चुके हैं।
दिल्ली से चेन्नई लौटने पर एयरपोर्ट पर अन्नामलाई का बड़ी संख्या में समर्थकों ने स्वागत किया। उन्होंने ‘वी द लीडर्स’ नामक नया मंच और वेबसाइट भी लॉन्च की है, साथ ही कोयंबटूर में एपीजे अब्दुल कलाम सेंटर फॉर एथिक्स एंड पॉलिटिक्स स्थापित करने की घोषणा की है। अन्नामलाई पूर्व में कर्नाटक कैडर के आईपीएस अधिकारी रह चुके हैं।


