क्रासर
व्यक्तिगत एवं संगठनात्मक कारणों का हवाला देते हुए राष्ट्रीय अध्यक्षा को भेजा त्यागपत्र, तत्काल प्रभाव से पदमुक्त करने का अनुरोध
फर्रुखाबाद। हिंदू समाज पार्टी में संगठनात्मक स्तर पर बड़ा बदलाव सामने आया है। पार्टी के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष अंकित तिवारी उर्फ प्रशांत तिवारी ने प्रदेश अध्यक्ष पद से तत्काल प्रभाव से अपना त्यागपत्र दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्षा को भेजते हुए पदमुक्त किए जाने का अनुरोध किया है।
अपने त्यागपत्र में अंकित तिवारी ने कहा है कि उन्होंने हिंदू समाज पार्टी में उत्तर प्रदेश अध्यक्ष के पद पर रहते हुए संगठन एवं पार्टी के हित में पूरी निष्ठा, ईमानदारी और अपनी क्षमता के अनुरूप कार्य किया। उन्होंने संगठन को मजबूत करने तथा पार्टी के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने के लिए अपने दायित्व का निर्वहन करने की बात कही।
अंकित तिवारी ने त्यागपत्र में वर्तमान परिस्थितियों के साथ-साथ व्यक्तिगत एवं संगठनात्मक कारणों का हवाला देते हुए प्रदेश अध्यक्ष पद से हटने का निर्णय लिया है। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्षा से अनुरोध किया है कि उनका त्यागपत्र स्वीकार करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से प्रदेश अध्यक्ष के दायित्व से पदमुक्त किया जाए।
इस्तीफे के साथ उन्होंने पार्टी के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार भी व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन में उन्हें कार्य करने का अवसर देने के साथ-साथ पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने जो सहयोग प्रदान किया, उसके लिए वह सभी के हृदय से आभारी हैं।
30 अगस्त 2026 को जारी त्यागपत्र के बाद अब पार्टी संगठन में प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर आगे की जिम्मेदारी किसे सौंपी जाती है, इस पर सभी की निगाहें टिकी हैं। उनके इस्तीफे को पार्टी के उत्तर प्रदेश संगठन के लिहाज से महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।
हिंदू समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अंकित तिवारी ने दिया इस्तीफा


