लखनऊ। भारत रत्न डॉ . बी . आर . अम्बेडकर की जयंती के अवसर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें सामाजिक न्याय और समानता का महान प्रतीक बताया।
अखिलेश यादव ने इस अवसर पर कहा कि बाबा साहेब द्वारा रचित संविधान देश के हर नागरिक के अधिकारों की रक्षा करने वाला सबसे मजबूत हथियार है। उन्होंने कहा, “संविधान हमारे लिए ढाल है, रक्षक है और यही हमें न्याय, स्वतंत्रता और बराबरी का अधिकार देता है।”
सपा अध्यक्ष ने आगे कहा कि आज के समय में संविधान के मूल्यों को बचाए रखना सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ शक्तियां लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने की कोशिश कर रही हैं, ऐसे में बाबा साहेब के विचारों को आत्मसात करना बेहद जरूरी है।
अखिलेश यादव ने बाबा साहेब के जीवन संघर्ष को याद करते हुए कहा कि उन्होंने समाज के वंचित और शोषित वर्गों को अधिकार दिलाने के लिए पूरी जिंदगी संघर्ष किया। शिक्षा, समानता और भाईचारे का उनका संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है।
इस मौके पर पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं ने विभिन्न स्थानों पर बाबा साहेब की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया और उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया।
“संविधान हमारे लिए ढाल और रक्षक”: अखिलेश


