इतिहास से खिलवाड़ कर रहे मुख्यमंत्री
लखनऊ
प्रदेश की सियासत में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस बयान पर कड़ा हमला बोला है, जिसमें “तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा” का जिक्र किया गया था। अजय राय ने इसे इतिहास के साथ छेड़छाड़ बताते हुए कहा कि यह नारा सुभास चंद्र बोस का था, न कि स्वामी विवेकानंद का।
अजय राय ने कहा कि मुख्यमंत्री का यह बयान केवल एक सामान्य गलती नहीं, बल्कि देश के महान महापुरुषों और उनकी विरासत के साथ गंभीर अन्याय है। उन्होंने कहा कि बंगाल की पवित्र धरती ने देश को विवेकानंद और नेताजी जैसे महान व्यक्तित्व दिए हैं, जिनका योगदान अलग-अलग क्षेत्रों में अतुलनीय रहा है, लेकिन उनके विचारों और नारों को इस तरह मिलाना ऐतिहासिक तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश करना है।
कांग्रेस नेता ने यह भी आरोप लगाया कि सत्ता में बैठे लोग अगर इस तरह इतिहास को गलत ढंग से प्रस्तुत करेंगे तो आने वाली पीढ़ियों में भ्रम की स्थिति पैदा होगी। उन्होंने मांग की कि सार्वजनिक मंचों से बोलते समय नेताओं को तथ्यों की सही जानकारी रखनी चाहिए और देश के महापुरुषों के सम्मान का ध्यान रखना चाहिए।
इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है। भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है, वहीं राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि चुनावी माहौल में इस तरह के मुद्दे और ज्यादा तूल पकड़ सकते हैं।


