नवाबगंज: नवाबगंज में मां के घर आए 24 वर्षीय युवक की शुक्रवार शाम बिजली का करंट लगने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मृतक अपने पीछे पत्नी और एक वर्षीय बेटे को छोड़ गया है।
जनपद के थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के गांव नियामतपुर खेड़ा निवासी नंदकिशोर का 24 वर्षीय पुत्र शिवम शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे नवाबगंज कस्बा निवासी अपने मामा आलोक शाक्य के घर पर प्लास्टर का काम कर रहे मिस्त्री के साथ काम कर रहा था। इसी दौरान दीवार के सहारे पड़े बिजली के केबल के संपर्क में आने से शिवम को करंट लग गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
परिजन आनन-फानन में शिवम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नवाबगंज लेकर पहुंचे। वहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर रितेश कुमार और फार्मासिस्ट आलोक कुमार ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव को लेकर अपने घर चले गए।
बताया गया कि शिवम के परिवार में वह इकलौता भाई था। उसकी मां की काफी समय पहले मौत हो चुकी थी। परिवार में पत्नी दिव्या और एक वर्षीय बेटा राघव है। युवक की अचानक मौत से पत्नी और मासूम बेटे के सिर से सहारे का साया उठ गया। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सीएचसी में तैनात डॉक्टर रितेश कुमार ने बताया कि युवक को अस्पताल लाया गया था, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। वहीं, थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। शनिवार सुबह पंचायतनामा की कार्रवाई की जाएगी।


