फर्रुखाबाद, 16 अक्टूबर। जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग ने विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत विभिन्न मदिरा दुकानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान स्टॉक रजिस्टर, ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच की गई। दुकानदारों को अभिलेख अद्यतन रखने और शासन के निर्धारित नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए।
आबकारी आयुक्त, उत्तर प्रदेश के आदेश तथा जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी जीपी गुप्ता के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। जिला आबकारी अधिकारी ने सातनपुर मंडी क्षेत्र की दुकानों का औचक निरीक्षण किया। वहीं, आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-3 रीता वर्मा ने अपनी टीम के साथ जनपद के विभिन्न आबकारी अनुज्ञापन स्थलों की जांच की।
निरीक्षण के दौरान मोहम्मदाबाद और खिमसेपुर स्थित मिश्रित मदिरा दुकानों तथा मोहम्मदाबाद, खिमसेपुर और करथिया की देशी मदिरा दुकानों की जांच की गई। अधिकारियों ने दुकानों में उपलब्ध मदिरा के स्टॉक का अभिलेखों से मिलान किया और ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था की स्थिति देखी। साथ ही सीसीटीवी कैमरों के संचालन की भी जांच की गई।
आबकारी विभाग ने संबंधित दुकानदारों को सभी अभिलेख नियमित रूप से अद्यतन रखने तथा निर्धारित नियमों और मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि जांच के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
विभागीय अधिकारियों ने क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखने और अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए। आबकारी विभाग के अनुसार जनपद में यह अभियान आगे भी निरंतर चलाया जाएगा।


