24 C
Lucknow
Friday, March 27, 2026

कन्नौज में प्रोटोकॉल की उड़ी धज्जियां

Must read

मुख्य अतिथि मंत्री असीम अरुण को इंतजार कराता रहा प्रशासन

डीएम की गैरहाजिरी पर मचा बवाल,दुःखी मंत्री ने लिखी चिट्ठी

कन्नौज। जिले में प्रशासनिक लापरवाही अब बड़े विवाद में बदलती नजर आ रही है। समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण को मुख्य अतिथि बनाकर आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों की गैरहाजिरी ने पूरे सिस्टम पर सवाल खड़े कर दिए हैं। तय समय से पहले पहुंचने के बावजूद मंत्री को करीब 45 मिनट तक इंतजार करना पड़ा, जिसके बाद नाराज होकर उन्होंने कार्यक्रम स्थल छोड़ दिया।
यह मामला रोमा स्मारक में आयोजित सरकारी कार्यक्रम का है, जहां मंत्री समय से 15 मिनट पहले ही पहुंच गए थे। लेकिन मौके पर न तो कार्यक्रम की तैयारियां पूरी थीं और न ही कोई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद था। इस लापरवाही से आहत मंत्री ने इसे गंभीर प्रोटोकॉल उल्लंघन मानते हुए कड़ी नाराजगी जताई।
घटना के बाद मंत्री ने जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री को पत्र लिखकर अव्यवस्था, समय की अनदेखी और अधिकारियों की गैर-जिम्मेदारी पर सवाल उठाए। उन्होंने अपने पत्र में स्पष्ट किया कि एक लोक सेवक के लिए समय की पाबंदी सर्वोपरि है और नरेंद्र मोदी व योगी आदित्यनाथ की कार्यशैली से प्रेरणा लेनी चाहिए।

समर्थकों में भारी नाराजगी, धरना-प्रदर्शन शुरू

इस पूरे घटनाक्रम के बाद मंत्री के समर्थकों में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिल रहा है। समर्थकों ने इसे मंत्री का अपमान बताते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। उन्होंने जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जिलाधिकारी से सार्वजनिक माफी मांगने की अपील की है।

एसडीएम सदर हटाने से लेकर डीएम सीडीओ सस्पेंड करने तक की मांग

समर्थकों ने मांग उठाई है कि संबंधित उपजिलाधिकारी सदर को तत्काल हटाया जाए। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी को निलंबित करने की अपील की है।

सोशल मीडिया पर भी बवाल

मामला अब सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है। लोग प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। फिलहाल प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन मंत्री की नाराजगी और समर्थकों के विरोध ने इस पूरे मामले को तूल दे दिया है। अब नजर इस बात पर टिकी है कि सरकार इस मामले में क्या सख्त कदम उठाती है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article