कमालगंज संवाददाता।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के ग्वालटोली मोहल्ला निवासी विनोद कुमार सोमवार शाम एक सड़क हादसे का शिकार हो गए। हादसे में विनोद गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनकी पत्नी बाल-बाल बच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विनोद अपनी पत्नी सोमा के साथ बाइक पर सवार होकर तालग्राम स्थित अपने मामा के घर जा रहे थे। जैसे ही वह कमालगंज थाना क्षेत्र में माहेश्वरी पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक पिकअप गाड़ी ने उनकी बाइक में कट मार दिया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। बाइक पर पीछे बैठी सोमा तो गिरने के बाद संभल गई, लेकिन विनोद सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और कुछ देर के लिए सड़क पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए घायल विनोद को तत्काल कमालगंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया। वहां मौजूद डॉक्टर विकास पटेल ने घायल का प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत अब स्थिर है।
घायल विनोद ने बताया कि पिकअप चालक पीछे से लापरवाही से वाहन चला रहा था, अचानक कट लगाने से उनकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया और यह हादसा हो गया। हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली है।


