नवाबगंज, फर्रुखाबाद। सरकार की मिशन शक्ति योजना के तहत महिलाओं और छात्राओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्राथमिक विद्यालय कस्बा नवाबगंज में कक्षा पांच की छात्रा मुस्कान को एक दिन के लिए प्रधानाध्यापिका बनाया गया। प्रधानाध्यापक की कुर्सी पर बैठकर छात्रा ने विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और शिक्षकों को छात्र-छात्राओं की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
नवाबगंज नगर पंचायत क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय कस्बा नवाबगंज में उच्चाधिकारियों के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाध्यापक संजीव रंजन ने कस्बा नवाबगंज निवासी कक्षा पांच की छात्रा मुस्कान को एक दिन के लिए प्रधानाध्यापिका की जिम्मेदारी सौंपी। जिम्मेदारी मिलने पर छात्रा ने विद्यालय की व्यवस्थाओं को देखा और शिक्षकों से पढ़ाई के संबंध में जानकारी ली।
इस दौरान छात्रा मुस्कान ने कहा कि प्रधानाध्यापक की कुर्सी पर बैठकर उन्हें बहुत अच्छा लग रहा है। उन्होंने कहा कि वह मन लगाकर पढ़ाई करेंगी और भविष्य में पढ़-लिखकर इस पद को हासिल करने का प्रयास करेंगी।
एक दिन की प्रधानाध्यापिका मुस्कान ने शिक्षकों से कहा कि वे सभी छात्र-छात्राओं को मन लगाकर पढ़ाएं और उनकी शिक्षा पर विशेष ध्यान दें, जिससे बच्चों का भविष्य उज्ज्वल हो सके। इस पहल का उद्देश्य छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें शिक्षा के साथ-साथ नेतृत्व की जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित करना है।
इस मौके पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक संजीव रंजन, प्रशांत कटियार, वसीम अख्तर, प्रज्ञानंद शाक्य सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।


