कौशाम्बी: कौशाम्बी (Kaushambi) के पिपरी थाना क्षेत्र के महमूदपुर मनौरी में सोमवार को हुई पटाखा फैक्ट्री (Firecracker factory) में विस्फोट की घटना के बाद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी अमित पाल शर्मा ने लापरवाही के आरोप में 9 राजस्व कर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं, अग्निशमन विभाग के अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए शासन को रिपोर्ट भेजी गई है।
महमूदपुर मनौरी में अवैध रूप से संचालित पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट में अब तक 14 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें 9 बच्चे भी शामिल हैं। हादसे के बाद प्रशासन की ओर से लगातार जांच और कार्रवाई की जा रही है। जमीनी स्तर पर लापरवाही सामने आने के बाद तहसील प्रशासन में तैनात रहे और वर्तमान में जिम्मेदारी संभाल रहे कई राजस्व कर्मचारियों पर कार्रवाई की गई है।
निलंबित किए गए कर्मचारियों में वर्तमान क्षेत्रीय राजस्व निरीक्षक देवी प्रसाद और वर्तमान क्षेत्रीय लेखपाल दीपक सिंह शामिल हैं। इसके अलावा 4 अप्रैल 2024 से अब तक ग्राम सभा महमूदपुर एवं चिल्ला शहबाजी में तैनात रहे लेखपाल रितेन्द्र सिंह, मुमताज अहमद, चन्द्रकान्त, संतोष यादव, रितेन्द्र सिंह, रवि सिंह और राजेन्द्र प्रसाद को भी निलंबित किया गया है।
वहीं, कार्य में लापरवाही के आरोप में सहायक चकबंदी अधिकारी संजय कुमार के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। उनके मामले में विभागीय जांच और कार्रवाई के लिए लखनऊ स्थित चकबंदी कमिश्नर को रिपोर्ट भेजी गई है। हादसे की जांच अब अग्निशमन विभाग तक भी पहुंच गई है। काम में लापरवाही के आरोप में एसपी सत्यनारायण ने मुख्य अग्निशमन अधिकारी मंगेश कुमार और अग्निशमन अधिकारी अशोक कुमार के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए लखनऊ मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों को रिपोर्ट भेजी है। प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि हादसे के लिए जो भी जिम्मेदार पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मामले में किसी भी दोषी को नहीं छोड़े जाने की बात कही गई है।


