नई दिल्ली। जंतर-मंतर प्रदर्शन में शामिल छात्रा निशु आजाद ने अपने पिता पर कथित हमले के आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर राहुल गांधी से मदद मांगी। निशु की अपील के करीब तीन घंटे बाद राहुल गांधी ने उनका समर्थन करते हुए केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस पर सवाल उठाए।
निशु ने आरोप लगाया कि उनके पिता संजय पर हमला करने वाले स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ शिकायत के बावजूद पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है। उन्होंने एक वीडियो भी साझा किया, जिसमें आरोपी द्वारा कथित तौर पर हमले की बात कहे जाने का दावा किया गया है। निशु के मुताबिक, हमले में उनके पिता के सिर पर गंभीर चोट आई थी और कई टांके लगे थे।
राहुल गांधी ने निशु का वीडियो साझा कर कहा कि छात्रों के अधिकारों के लिए आवाज उठाने के कारण उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने पूछा कि जब आरोपी खुलेआम घूम रहा है तो उसके खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं हुई। राहुल ने कहा कि न्याय मिलने तक वह निशु के साथ खड़े रहेंगे।
राहुल के समर्थन के बाद निशु ने कहा कि अब उन्हें न्याय मिलने की उम्मीद बढ़ी है और वह न्याय मिलने तक अपनी लड़ाई जारी रखेंगी।


