फर्रुखाबाद। मेरापुर थाना क्षेत्र के सिलसंडा गांव में सोमवार देर रात घर में हुए विवाद के बाद एक युवक ने गुस्से में सूखी मेहंदी का सेवन कर लिया। कुछ देर बाद उसकी हालत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गया। परिजन आनन-फानन में उसे डॉ. राम मनोहर लोहिया जिला अस्पताल की इमरजेंसी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू किया। उपचार के बाद मंगलवार को युवक की हालत में सुधार बताया गया।
सिलसंडा निवासी अजय कुमार का 21 वर्षीय पुत्र हरभजन सोमवार रात किसी बात को लेकर परिजनों से विवाद के बाद काफी गुस्से में आ गया। इसी दौरान उसने घर में रखी सूखी मेहंदी खा ली। कुछ समय बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और वह बेहोश होकर गिर पड़ा। युवक की हालत देखकर परिवार में अफरा-तफरी मच गई।
परिजनों ने बिना देर किए उसे लोहिया अस्पताल पहुंचाया। इमरजेंसी में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. ऋतिक ने युवक का परीक्षण किया। चिकित्सक के मुताबिक, युवक को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था और किसी जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका थी। तत्काल उपचार देने के बाद उसे चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया।
मंगलवार को होश आने पर हरभजन ने बताया कि घर में मामूली विवाद के बाद वह गुस्से में था और इसी दौरान उसने सूखी मेहंदी खा ली थी। इसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गया।
समय रहते परिजनों द्वारा अस्पताल पहुंचाए जाने से युवक को उपचार मिल सका। मंगलवार को उसकी हालत में सुधार होने के बाद चिकित्सकों ने उसे निगरानी में रखा। घटना के बाद परिवार के लोग भी सहमे हुए हैं। चिकित्सकों ने किसी भी पदार्थ के सेवन की स्थिति में बिना देरी किए अस्पताल पहुंचने की सलाह दी है।


