कुतलूपुर से कार्रवाई कर लौट रही थी पुलिस टीम, पूर्वी गोटिया के पास रात में हुआ हादसा
अमृतपुर
थाना राजेपुर क्षेत्र में गुरुवार रात करीब दो बजे पूर्वी गोटिया के पास सड़क पर अचानक आए सांड से डायल 112 पुलिस वाहन की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बाढ़ के पानी से भरी खाई में पलट गया। हादसे में वाहन सवार तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार डायल 112 की गाड़ी संख्या 5604 कुतलूपुर गांव में विवाद की सूचना पर कार्रवाई के लिए गई थी। कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिसकर्मी वापस लौट रहे थे। इसी दौरान पूर्वी गोटिया के पास अचानक सांड सड़क पर आ गया। चालक द्वारा बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन वाहन सांड से टकरा गया। टक्कर के बाद वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा पलटा।हादसे में दीवान राजकुमार (40), सिपाही सुमित (30) और सिपाही ओमवीर (30) घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल पुलिसकर्मियों को तत्काल राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
हादसे के समय सड़क किनारे की खाई में बाढ़ का पानी भरा हुआ था। वाहन के खाई में पलटने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस टीम ने तत्परता से राहत एवं बचाव कार्य करते हुए तीनों घायल पुलिसकर्मियों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी है। हादसे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।


