दो दिन पहले हुए विवाद की रंजिश में दोनों पक्ष भिड़े, गांव में मची अफरा-तफरी; गंभीर घायल जिला अस्पताल रेफर
अमृतपुर
थाना राजेपुर क्षेत्र के कड़क्का गांव में जमीन का विवाद एक बार फिर हिंसक झड़प में बदल गया। दो दिन पहले हुए विवाद के बाद गुरुवार को दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते कहासुनी ने मारपीट का रूप ले लिया और लाठी-डंडे चलने लगे। घटना में दोनों पक्षों के आठ लोग घायल हो गए। मारपीट की सूचना से गांव में अफरा-तफरी मच गई।कड़क्का निवासी माया देवी पत्नी राजबहादुर ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि वह घर पर मौजूद थीं। इसी दौरान मनोज की पत्नी सोनम ने अपने मायके पक्ष के विकास और सुमित समेत अन्य लोगों को सूचना दी। आरोप है कि इसके बाद कुछ लोग बोलेरो से उनके घर पहुंचे और लाठी-डंडों से लैस होकर गाली-गलौज करते हुए घर में घुस गए। विरोध करने पर परिवार के लोगों के साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।बताया गया कि करीब दो दिन पहले जमीन के विवाद को लेकर मनोज के भाई विपनेश से विवाद हुआ था। इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों में फिर तनाव बढ़ गया और देखते ही देखते दोनों ओर से मारपीट शुरू हो गई। घटना में दीपेश, सुबोध पाल, अमित, सरोज, माया देवी समेत दोनों पक्षों के आठ लोग घायल बताए गए हैं।
मारपीट के बाद घायलों को राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। चिकित्सक हिमांशु राजपूत ने विपनेश की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। अन्य घायलों का सीएचसी में उपचार किया गया।
घटना के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों से जानकारी जुटाई। थाना राजेपुर प्रभारी नागेंद्र सिंह ने बताया कि जमीन के विवाद को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट हुई है। तहरीर प्राप्त हुई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


