लखनऊ। बुद्धेश्वर मंदिर के पास कांवड़ियों ने चढ़ाई जा रही चांदी की परत को हटाने की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। इस दौरान कांवड़ियों ने पुलिस और मंदिर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अपनी नाराजगी जताई।
कांवड़ियों का आरोप था कि शिवलिंग पर कई वर्षों से चांदी की परत चढ़ी हुई है, जिसे हटाकर उन्हें भगवान शिव का जलाभिषेक करने की अनुमति दी जानी चाहिए। मांग पूरी न होने से नाराज कांवड़ियों ने मंदिर परिसर के बाहर प्रदर्शन किया और सड़क पर बैठकर विरोध जताया।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने कांवड़ियों से बातचीत कर उन्हें आश्वासन दिया कि मंदिर प्रशासन से वार्ता कर उनकी मांग का समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।
आश्वासन के बाद कांवड़िए सड़क से हटकर वापस लौट गए। हालांकि, नाराजगी इस कदर थी कि कई कांवड़िए बिना शिवलिंग पर जल चढ़ाए ही वापस लौट गए। उन्होंने दुखी मन से सड़क किनारे पेड़ पर जल अर्पित कर अपनी श्रद्धा पूरी की।
कांवड़ियों ने मंदिर और पुलिस प्रशासन के रवैये पर नाराजगी जताई। प्रदर्शन के चलते कुछ समय तक इलाके में यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए मार्ग को सुचारु कराया।


