सपा नेता जूही सिंह रहीं मौजूद, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की उठी मांग
विशेष संवाददाता, यूथ इंडिया
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के परिवर्तन चौक पर शुक्रवार को छात्रों के समर्थन में बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए। प्रदर्शनकारियों ने छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज, प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और विशेष रूप से नीट प्रश्नपत्र लीक के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन में समाजवादी पार्टी की वरिष्ठ नेता जूही सिंह भी शामिल हुईं। उन्होंने प्रदर्शनकारियों के साथ मिलकर परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और छात्रों के भविष्य की रक्षा की मांग उठाई।
सैकड़ों की संख्या में पहुंचे प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी की। प्रदर्शन के दौरान छात्रों और युवाओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की तथा परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह निष्पक्ष और सुरक्षित बनाने की मांग दोहराई।
स्थिति को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया, जबकि पूरे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी बढ़ा दी गई।
प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से जारी रहा। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और कानून का पालन करने की अपील की है।


