फर्रुखाबाद। नवाबगंज थाना क्षेत्र के घुमईया रसूलपुर गांव में एक किसान का ट्रैक्टर और रोटावेटर लेकर चालक के फरार होने का मामला सामने आया है। पीड़ित किसान ने पुलिस को तहरीर देकर चालक के खिलाफ कार्रवाई और वाहन बरामद कराने की मांग की है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है तथा पूछताछ के लिए दो युवकों को हिरासत में लिया है।
घुमईया रसूलपुर निवासी किसान हरेंद्र सिंह गंगवार ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनका ट्रैक्टर गांव का ही एक युवक चलाता था। चालक 9 जुलाई को ट्रैक्टर और रोटावेटर लेकर गया था और उसे गांव निवासी अजय कुमार के घर पर खड़ा करने की बात कही थी। इसके बाद वह बिना किसी को जानकारी दिए ट्रैक्टर और रोटावेटर लेकर वहां से चला गया।
शुक्रवार को जब किसान को खेत के काम के लिए ट्रैक्टर की जरूरत पड़ी तो वह अजय कुमार के घर पहुंचे। वहां जानकारी मिली कि चालक 9 जुलाई को ही ट्रैक्टर लेकर चला गया था और उसके बाद वापस नहीं लौटा। यह सुनकर किसान के होश उड़ गए। उन्होंने चालक की रिश्तेदारों और परिचितों के यहां काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा।
इसके बाद हरेंद्र सिंह गंगवार ने नवाबगंज थाने पहुंचकर चालक के खिलाफ तहरीर दी और ट्रैक्टर व रोटावेटर बरामद कराने की मांग की। किसान का कहना है कि खेती के इस व्यस्त समय में ट्रैक्टर गायब होने से कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने पूछताछ के लिए दो युवकों को हिरासत में लिया है। चालक की तलाश की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


