37.5 C
Lucknow
Sunday, July 12, 2026

ट्रेन की चपेट में आई महिला ने उपचार के दौरान तोड़ा दम

Must read

 

दो बेटों के सिर से उठा मां का साया

फर्रुखाबाद। कमालगंज थाना क्षेत्र में शनिवार को रेलवे ट्रैक के किनारे हुआ एक दर्दनाक हादसा रविवार को मातम में बदल गया। ट्रेन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल महिला की कन्नौज मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे में महिला के दोनों पैर कट गए थे। मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई। मृतका अपने पीछे पति और दो मासूम बेटों को छोड़ गई हैं।

जानकारी के अनुसार, शहर कोतवाली क्षेत्र के मनिहारी मोहल्ला निवासी रियाज अपनी पत्नी शबनम के साथ गौसपुर स्थित अपने बहनोई के घर से शनिवार दोपहर वापस लौट रहे थे। करीब 3:30 बजे दोनों कमालगंज क्षेत्र के शेखपुरा रेलवे गुमटी संख्या 138-सी के पास पहुंचे। उस समय रेलवे फाटक बंद था, जिसके चलते दोनों गुमटी से लगभग 100 मीटर आगे रेलवे ट्रैक के किनारे खड़े होकर ट्रेन निकलने का इंतजार करने लगे।

इसी दौरान कासगंज से कानपुर अनवरगंज की ओर जा रही एक्सप्रेस ट्रेन तेज गति से वहां पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, किसी तरह शबनम ट्रेन की चपेट में आ गईं, जिससे उनके दोनों पैर शरीर से अलग हो गए। हादसा इतना भयावह था कि घटनास्थल पर मौजूद लोगों की रूह कांप उठी। ट्रेन गुजरने के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें गंभीर हालत में रेलवे ट्रैक से उठाकर एंबुलेंस की सहायता से डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचाया।

लोहिया अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद महिला की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें कन्नौज मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां डॉक्टरों की टीम ने उन्हें बचाने का हर संभव प्रयास किया, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव और गंभीर चोटों के कारण शनिवार देर रात उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पति रियाज और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया है कि शबनम के दो बेटे हैं, जिनके सिर से मां का साया हमेशा के लिए उठ गया। घटना के बाद पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है और लोगों ने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article