अमृतपुर
थाना क्षेत्र के गलारपुर गांव में मजदूरी करने से इनकार करने पर एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि चार लोगों ने युवक को लाठी-डंडों से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीड़ित ने थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित रामकरन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह किसी कार्य से सड़क मार्ग से जा रहा था। इसी दौरान खेत में काम कर रहे चार लोगों ने उसे मजदूरी करने के लिए बुलाया। रामकरन द्वारा मजदूरी करने से मना करने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसके बाद चारों लोगों ने उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे उसके शरीर पर कई जगह गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद घायल युवक अमृतपुर थाने पहुंचा और पुलिस को पूरी जानकारी दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। घायल का राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मेडिकल परीक्षण कराया गया। चिकित्सक डॉ. हिमांशु राजपूत ने बताया कि युवक के शरीर पर कई स्थानों पर चोट के निशान पाए गए हैं।
थानाध्यक्ष दर्शन सिंह ने बताया कि पीड़ित का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।


