नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली (Delhi) के पंजाबी बाग इलाके में स्थित चर्चित ब्रेथ रेस्टोरेंट (restaurant) के मालिक राजकुमार वालिया को एक बार फिर कथित गैंगस्टरों की ओर से रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, राजकुमार वालिया को कथित तौर पर 5 करोड़ रुपये की रंगदारी देने की मांग की गई है। साथ ही रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी भी दी गई है। धमकी मिलने के बाद कारोबारी ने इसकी शिकायत पुलिस से की। मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली पुलिस (Delhi Police) की पंजाबी बाग थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि धमकी देने वाले लोगों का संबंध किसी संगठित अपराध गिरोह से है या नहीं।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, 18 जुलाई 2026 की रात करीब 10:30 बजे राजकुमार वालिया अपने रेस्टोरेंट में मौजूद थे, तभी उनके मोबाइल फोन पर एक विदेशी नंबर से वॉइस नोट प्राप्त हुआ। शिकायत के मुताबिक, वॉइस नोट भेजने वाले व्यक्ति ने खुद को गैंगस्टर गोल्डी बराड़ बताया और दावा किया कि वह कारोबारी तथा उसके परिवार की पूरी जानकारी रखता है।
आरोप है कि उसने राजकुमार वालिया से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी और रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। वॉइस नोट में कथित तौर पर कहा गया कि यदि मांगी गई रकम नहीं दी गई तो राजकुमार वालिया या उनके परिवार के किसी सदस्य की हत्या कर दी जाएगी। धमकी देने वाले ने यह भी कहा कि यदि पहले किसी तरह का हमला करना पड़ा, तो बाद में रंगदारी की रकम बढ़ाकर 10 करोड़ रुपये कर दी जाएगी।
शिकायत में बताया गया है कि कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को मनीष खरखोदा बताते हुए कहा कि वह कथित तौर पर गैंगस्टर गोल्डी बराड़ का करीबी है और पहले भेजे गए वॉइस नोट के संबंध में बात कर रहा है। इसके बाद दोबारा संपर्क कर राजकुमार वालिया से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी की मांग दोहराई गई।राजकुमार वालिया के मुताबिक, जब उन्होंने इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताई और कहा कि किसी ने उनके बारे में गलत जानकारी दी है, तब भी कॉल करने वाले लोगों ने धमकियां देना जारी रखा।
शिकायत में आरोप है कि आरोपियों ने बार-बार जान से मारने की धमकी दी और गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी। रेस्टोरेंट मालिक का कहना है कि लगातार मिल रही धमकियों के कारण उनका पूरा परिवार भय और दहशत के माहौल में जी रहा है। उन्होंने पुलिस से सुरक्षा उपलब्ध कराने के साथ-साथ आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।


