यूथ इंडिया की खबर का बड़ा असर: हरकत में आया पीडब्ल्यूडी विभाग
अमृतपुर/फर्रुखाबाद
जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने वाले समाचार पत्र यूथ इंडिया की खबर का असर आखिरकार देखने को मिल गया। गूजरपुर पमारान पुल की टूटी रेलिंग और बदहाल सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार प्रकाशित खबरों के बाद पीडब्ल्यूडी विभाग हरकत में आया है। विभाग द्वारा पुल पर क्षतिग्रस्त रेलिंग के स्थान पर नई रेलिंग लगाने और मरम्मत कार्य शुरू करा दिया गया है।गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व हुसैनपुर राजपुर निवासी रोहित पुत्र कमलेश पुल के किनारे से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया था। स्थानीय लोगों की मदद और पुलिस की तत्परता से उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर उसे फर्रुखाबाद के डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल रेफर किया गया। बाद में परिजन बेहतर उपचार के लिए उसे शाहजहांपुर ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। रोहित अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था, जिसकी मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया।
इस दर्दनाक घटना के बाद यूथ इंडिया ने पुल की जर्जर स्थिति, टूटी रेलिंग और विभागीय उदासीनता को प्रमुखता से प्रकाशित करते हुए सवाल उठाया था कि आखिर कब तक बदहाल पुल लोगों की जान लेते रहेंगे। खबर प्रकाशित होने के बाद ग्रामीणों में भी आक्रोश बढ़ा और लोगों ने पुल की तत्काल मरम्मत की मांग तेज कर दी।
लगातार उठ रही आवाजों और मीडिया के दबाव के बाद पीडब्ल्यूडी विभाग ने पुल पर निर्माण सामग्री पहुंचाकर मरम्मत कार्य शुरू करा दिया। मंगलवार को मजदूरों को क्षतिग्रस्त हिस्सों पर सरिया लगाकर नई रेलिंग तैयार करते देखा गया। लंबे समय से उपेक्षित पड़े पुल पर शुरू हुए इस कार्य को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि विभाग समय रहते चेत जाता और पुल की रेलिंग की मरम्मत करा देता तो शायद एक परिवार को अपना इकलौता बेटा न खोना पड़ता। लोगों ने यह भी मांग की है कि केवल रेलिंग लगाकर औपचारिकता पूरी न की जाए, बल्कि पूरे पुल की तकनीकी जांच कराकर सुरक्षा मानकों के अनुरूप मजबूत व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। क्षेत्रीय नागरिकों ने यूथ इंडिया की सराहना करते हुए कहा कि मीडिया ने जनता की आवाज बनकर एक गंभीर समस्या को प्रशासन तक पहुंचाया। लोगों का मानना है कि यदि जनहित के मुद्दों को इसी तरह मजबूती से उठाया जाए तो कई समस्याओं का समाधान समय रहते हो सकता है


