कमालगंज थाना क्षेत्र के गंगापार स्थित गांव बांकापुरवा में रास्ता रोककर अपशब्द कहने को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट में बदल गया। दो पक्षों के बीच हुई हाथापाई में तीन लोग घायल हो गए। मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर क्रॉस मुकदमा दर्ज किया है।
गांव निवासी उमेश तिवारी ने सुरेश, श्याम, संदीप और राजू के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है कि उनका बेटा सत्यम और भतीजा अंश डेयरी की ओर जा रहे थे, तभी आरोपियों ने रास्ते में उन्हें रोककर अभद्र भाषा का प्रयोग किया। विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी।
वहीं, दूसरे पक्ष की मीरा देवी ने अंश, शिवम और उमेश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि उनका बेटा रविंद्र स्कूल से घर लौट रहा था, तभी रास्ते में उसे रोककर मारपीट की गई। दोनों पक्षों की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले को दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


