– औचक निरीक्षण में पुरुष-महिला बंदियों की नियमित स्वास्थ्य जांच और गंभीर मरीजों को अलग रखने को कहा
फर्रुखाबाद। जिला भ्रमण पर पहुंचे पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने शुक्रवार को जिला कारागार फतेहगढ़ का औचक निरीक्षण किया। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह की मौजूदगी में उन्होंने जेल की सुरक्षा, भोजन, साफ-सफाई और स्वास्थ्य सेवाओं समेत विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
प्रभारी मंत्री ने पाकशाला का निरीक्षण कर बंदियों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भोजन शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप होना चाहिए। पाकशाला और सुरक्षा से जुड़े अन्य कार्यों में बंदियों की ड्यूटी पारदर्शी तरीके से रोस्टर के अनुसार लगाने के निर्देश भी दिए।
बंदी चिकित्सालय के निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री ने पुरुष एवं महिला बंदियों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि बीमार बंदियों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जाए। संक्रामक और गंभीर रोगों से पीड़ित बंदियों को सामान्य मरीजों से अलग रखने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि संक्रमण फैलने का खतरा न रहे।
उन्होंने कहा कि जेल केवल सुरक्षा का स्थान नहीं, बल्कि सुधार और पुनर्वास का भी केंद्र है। इसलिए बंदियों को शासन की मंशा के अनुरूप सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए। जेल परिसर में स्वच्छता व्यवस्था नियमित बनाए रखने और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के भी निर्देश दिए गए।
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि कारागार में सुरक्षा के साथ मानवीय और सुधारात्मक वातावरण सुनिश्चित किया जाए। बंदियों की मूलभूत जरूरतों, स्वास्थ्य और भोजन की गुणवत्ता में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव, चिकित्सक डॉ. नीरज समेत कारागार प्रशासन के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


