लखनऊ। कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने गाजीपुर में हुए कमलेश बिंद एनकाउंटर पर सवाल उठाते हुए पुलिस कार्रवाई पर गंभीर आपत्ति जताई है। लखनऊ में विक्रमादित्य मार्ग स्थित अपने आवास पर प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि विनीत राय हत्याकांड में अभी भी मुख्य आरोपी फरार हैं, ऐसे में केवल एक आरोपी पर कार्रवाई कई सवाल खड़े करती है।
संजय निषाद ने आरोप लगाया कि कुछ अधिकारी निषाद-बिंद समाज के खिलाफ भेदभावपूर्ण रवैया अपना रहे हैं और सरकार के खिलाफ माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस को एनकाउंटर करना ही था तो हत्याकांड के मुख्य आरोपियों पर भी वैसी ही कार्रवाई करनी चाहिए थी।
उन्होंने यह भी दावा किया कि मृतक की पत्नी ने आरोप लगाया है कि उसके पति को थाने में प्रताड़ित किया गया और बाद में एनकाउंटर कर दिया गया, जिससे पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जरूरत और बढ़ जाती है। मंत्री ने कहा कि पुलिस को यह स्पष्ट करना चाहिए कि एनकाउंटर किन परिस्थितियों में हुआ और क्या यह पूरी तरह नियमों के तहत था।
संजय निषाद ने चेतावनी दी कि वह यह मामला मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने उठाएंगे और कुछ अधिकारियों की कार्यशैली की जांच की मांग करेंगे। उन्होंने कहा कि चुनावी साल में इस तरह की घटनाएं सरकार और प्रशासन की छवि पर असर डाल सकती हैं।


