– युवती के लापता होने से मामला और उलझा
उन्नाव। जिले में एक सनसनीखेज मामले में , अपहरण के आरोपी युवक को गोली मार दी गईं । दही थाना क्षेत्र के दही-पुरवा चौराहे के पास घायल अवस्था में पहुंचे युवक विवेक ने मन्नू और राज नामक व्यक्तियों पर गोली मारने का आरोप लगाया है।
बताया जा रहा है कि विवेक ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि उसका 22 मई से अपहरण कर रखा गया था। उसे नशीली दवा देकर बंधक बनाए रखा गया और बाद में गोली मार दी गई। घायल युवक के पुलिस के पास पहुंचने के बाद पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
मामले में एक युवती का नाम भी सामने आया है। आरोप है कि युवती को भी बंधक बनाकर रखा गया था। वहीं युवती ने एक अस्पताल संचालक देवकांत पर गंभीर आरोप लगाते हुए यौन शोषण का दावा किया था। जानकारी के अनुसार देवकांत उत्तम हॉस्पिटल का संचालक बताया जा रहा है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक देवकांत और विवेक के खिलाफ पहले से भी मुकदमे दर्ज हैं। मामले ने उस समय और गंभीर रूप ले लिया जब आरोपों से संबंधित तहरीर देने के बाद युवती के लापता होने की बात सामने आई। युवती की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।
घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस का कहना है कि अपहरण, गोलीकांड, बंधक बनाने और युवती के लापता होने सहित सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक तस्वीर सामने आ सकेगी।
फिलहाल घायल युवक का उपचार कराया जा रहा है और पुलिस मामले से जुड़े सभी आरोपों एवं तथ्यों की पड़ताल में जुटी हुई है।


